
*कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पर टिकट के लिए रिश्वत मांगने का आरोप…*
ग्वालियर। कांग्रेस नेत्री ज्योति सिंह ने अपनी ही पार्टी के प्रदेश महासचिव पर टिकट के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा पर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर आज दोपहर एसपी ऑफिस पर प्रदर्शन किया। एसपी कार्यालय पर अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस नेत्री ज्योति सिंह धरने पर बैठ गई। प्रदेश महासचिव शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को एसपी ऑफिस पर प्रदर्शन हुआ। ग्वालियर की कांग्रेस नेत्री ने प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए 11 मार्च को भी पुलिस को एक आवेदन दिया था। उधर सुनील शर्मा ने सभी आरोपों को गलत ठहराया है।
इसके बाद सुनील शर्मा के समर्थन में भी कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने एसपी ऑफिस पर प्रदर्शन किया। इधर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा ने पार्टी के जिला महासचिव जितेंद्र सिंह भदौरिया को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। भदौरिया पार्टी के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा के नजदीकी माने जाते हैं।
