चेकिंग से बचने बेकाबू इनोवा ने मचाया तांडव, बैरिकेड तोड़े, ड्यूटी पर तैनात जवान को कुचला

इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र में रात के वक्त तेज रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक नजारा सामने आया जब पुलिस चेकिंग से बचने की कोशिश में एक इनोवा चालक ने न सिर्फ सड़क पर लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ डाले, बल्कि ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस जवान को टक्कर मारकर घायल कर दिया. घटना के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन समेत फरार हो गया, लेकिन मौके पर गिरी नंबर प्लेट से पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं.

थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है. डीआरपी लाइन का पुलिस बल सत्य साईं चौराहे पर चेकिंग पॉइंट लगाकर वाहनों की जांच कर रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही इनोवा नम्बर एमपी 09 बीई 0227 को पुलिस ने रुकने का इशारा किया. चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी और सामने लगे सुरक्षा बैरिकेड्स को तोड़ते हुए आगे निकलने की कोशिश की.

इस दौरान चेकिंग में तैनात सिपाही रवि चंद्रवंशी ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, तभी इनोवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर से जवान सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना इतनी तेज थी कि झटके में कार की नंबर प्लेट टूटकर मौके पर ही गिर गई. घटना के बाद साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायल जवान को बॉम्बे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. मामले में लसूड़िया पुलिस ने घटनास्थल से मिली नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिक की पहचान कर ली है और फरार चालक की तलाश में दबिश देने की तैयारी की जा रही है.

Next Post

बड़े बकायादारों से बिजली बिल वसूलने घर पहुंचे अधीक्षण यंत्री

Fri Jan 16 , 2026
रीवा: वित्तीय वर्ष समाप्त होने के पहले निर्धारित राजस्व लक्ष्य को लेकर विद्युत विभाग सक्रिय हो गया है. कम वसूली को लेकर जहा अधिकारी मैदान में उतरे है वही समाधान योजना की जानकारी दी जा रही है.दो लाख से अधिक के बकायादारो से राशि वसूली को लेकर अधीक्षण यंत्री मिल […]

You May Like