5 माह के बच्चे की नींद उड़ाने वाला बुलेट सवार पकड़ाया

इंदौर: तेज आवाज में बाइक चलाकर कॉलोनी में दहशत फैलाने वाले बुलेट चालक के खिलाफ पुलिस ने चालानी कार्रवाई की है. पांच माह के बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़कर 1000 रुपये का चालान किया. मामला राज नगर क्षेत्र का है.राज नगर निवासी एडवोकेट शुभम शर्मा ने 12 फरवरी को चंदन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि रोजाना रात करीब 11 से 1 बजे के बीच एक अज्ञात बुलेट चालक कॉलोनी से पटाखों जैसी कर्कश आवाज निकालते हुए तेज रफ्तार से गुजरता था. इससे उनका पांच माह का बच्चा घबरा जाता और कांपने लगता था. शर्मा ने उसकी पहचान के लिए कई दिनों तक प्रयास किया, लेकिन वह हर बार तेज गति से निकल जाता था. बाद में उन्होंने बाइक चालक के फोटो और वीडियो पुलिस को व्हाट्सएप पर भेजे.
12 घंटे में पकड़ा गया आरोपी
एसीपी अमित सिंह और टीआई तिलक करोले के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अगले ही दिन बुलेट क्रमांक एमपी 09 एएक्स 8887 के चालक को पकड़ लिया. 13 फरवरी को उसके खिलाफ 1000 रुपये का चालान किया गया और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त समझाइश दी गई.
मॉडिफाइड साइलेंसर नहीं मिला
पुलिस जांच में बाइक का साइलेंसर मॉडिफाइड नहीं पाया गया. हालांकि रात में तेज आवाज निकालते हुए स्टंट और तेज गति से वाहन चलाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई जरूर की गई.
पहले भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
करीब तीन माह पहले शहर में अवैध साइलेंसर और हूटर के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया था. ट्रैफिक पुलिस ने डेढ़ हजार से अधिक साइलेंसर और 70 हूटर जब्त कर रोड रोलर से नष्ट किए थे. यह कार्रवाई डीसीपी ट्रैफिक आनंद कलादगी के नेतृत्व में की गई थी. पुलिस ने पहले भी वाहन चालकों को चेतावनी दी थी कि अवैध साइलेंसर और हूटर हटवा लें, अन्यथा चालान और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी. इसके बावजूद शहर में कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं

Next Post

मनीष पुरी से रिंग रोड को जोड़ने वाली लिंक रोड के मध्य से हटाए पोल

Sun Feb 15 , 2026
इंदौर: शहर के इंफ्रास्ट्रख्र को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं. इसी क्रम में विगत दिनों महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा झोन क्रमांक 10 के अंतर्गत साकेत नगर, तिलक नगर एवं मनीष पुरी क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़कों […]

You May Like