
इंदौर. आजाद नगर थाना क्षेत्र में पानी भरने को लेकर दो गुटों के बीच जमकर हिंसा हो गई. वॉटर हाइड्रेंट पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पत्थरबाजी और मारपीट में बदल गया, जिसमें पार्षद पुत्र समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
मंगलवार रात नगर निगम के हाइड्रेंट पर पानी भरने के दौरान भाजपा नेता केशव मीणा और पार्षद मलखान सिंह कटारिया के समर्थकों के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद के दौरान हाइड्रेंट का बिजली कटआउट निकाल दिया गया, जिससे पानी सप्लाई बंद होते ही स्थिति बिगड़ गई. इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-पत्थर चले. इस दौरान ऑटो रिक्शा के कांच फोड़ दिए. पथराव में पार्षद पुत्र बिज्जू को सिर में गंभीर चोट आई, वहीं कुल चार लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर आधी रात को थाने पहुंचे, जहां भी समर्थकों की भीड़ जुट गई और फिर से विवाद बढ़ गया. हालात बिगड़ते देख पुलिस को सख्ती करनी पड़ी और लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा. दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. मामले में एडिशनल डीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया है. घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है, स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है.
