आष्टा। गत दिवस सिविल न्यायालय में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ जिला न्यायाधीश एवं तहसील विधिक सेवा समिति अध्यक्ष विजय डांगी सहित न्यायाधीशों ने किया.
लोक अदालत के दौरान न्यायालयीन एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का आपसी राजीनामे के आधार पर निराकरण किया गया. न्यायाधीश विजय डांगी के न्यायालय में रखे 96 प्रकरणों में से 17 का निराकरण हुआ और 76.50 लाख रुपए का लाभ प्राप्त हुआ. न्यायाधीश महेश कुमार चौहान के समक्ष विद्युत प्री-लिटिगेशन के 236 प्रकरणों का निराकरण हुआ, जिससे 20.46 लाख रुपए का लाभ हुआ. अन्य न्यायालयों में भी कुल 35 प्रकरणों का निराकरण किया गया.
न्यायाधीश प्रीति अग्रवाल के समक्ष संपत्तिकर एवं जलकर के 105 प्री-लिटिगेशन प्रकरणों में 4.17 लाख रुपए जमा हुए. वहीं न्यायालयीन 65 में से 43 प्रकरणों का निराकरण हुआ. मीनाक्षी रावत के न्यायालय में बैंक के 4 प्री-लिटिगेशन तथा 28 न्यायालयीन प्रकरणों का निराकरण किया गया. इस मौके पर मेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया था.
