सतना: जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के ककलपुर गांव में प्रभात स्टोन क्रेशर की खुली खदान में मंगलवार शाम 13 वर्षीय किशोर के डूबने की आशंका है। उसकी पहचान ककलपुर निवासी लल्लू उर्फ अखिलेश साहू, पिता चंद्रभान साहू के रूप में हुई है। बुधवार सुबह करीब 8 बजे से एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने खदान के गहरे पानी में उसकी तलाश शुरू की। करीब साढ़े 10 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद अंधेरा होने पर शाम 6:30 बजे अभियान रोकना पड़ा। किशोर का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। गुरुवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा। परिजनों के मुताबिक अखिलेश मंगलवार शाम करीब 6 बजे साइकिल से सामान लेने घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। खदान के पास उसकी साइकिल और कुछ सामान मिला। साइकिल खदान की बाउंड्री से सटी थी, जबकि उसकी चप्पल पानी में तैरती दिखाई दी। इसके बाद परिजनों ने उसके खदान के पानी में डूबने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
अंधेरा होने से रोका गया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही बेला चौकी और रामपुर बाघेलान थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण मंगलवार रात खदान में रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका। बुधवार सुबह स्ष्ठक्रस्न की टीम मौके पर पहुंची और खदान के पानी में किशोर की तलाश शुरू की। टीम ने सुबह 8 बजे से शाम 6:30 बजे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा बढऩे के कारण रेस्क्यू रोक दिया गया। अब गुरुवार सुबह से फिर तलाश शुरू की जाएगी। घटना के बाद ग्रामीणों ने खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खुली खदान के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं गए हैं। उनका यह भी कहना है कि इसी खदान में पहले भी दो लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है जबकि एसडीआरएफ की टीम गुरुवार सुबह दोबारा खदान के पानी में किशोर की तलाश करेगी।
