जबलपुर: लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण करें, इसमें किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही न बरती जाये। सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने ब्लैक स्पॉट में पहुंचे और कारण एवं उनके निदान के लिए सुधारात्मक उपाय किए जाएं। संबंधित रोड एजेंसियों के प्रतिनिधियों से चर्चा करे। ब्लैक स्पॉट पर आवश्यकतानुसार रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर, संकेतक बोर्ड एवं सूचना बोर्ड लगवाये ताकि सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लायी जा सके।
यह बातें पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने पुलिस कंट्रोल रूम में शुक्रवार को अपराध समीक्षा बैठक के दौरान कहीं । बैठक में एसपी द्वारा त्रिवार्षिक तुलनात्मक भादवि, बीएनएस, प्रतिबंधात्मक एवं माईनर एक्ट की विस्तार से समीक्षा की गयी। अपराधों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी, अपहृत बालक, बालिकाओं के दस्तयाबी के लिए हर संभव प्रयास किए जाने निर्देश दिए। इसके साथ ही महिला सम्बंधी अपराधों में संवेदनशीलता बरतते हुये तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी कर शीघ्र विवेचना पूर्ण कर चालान पेश करने और इसी प्रकार महिला सम्बंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण करने आदेश दिया।
हर हाल में हो आरोपी को सजा
एसपी ने कहा कि चिन्हित गम्भीर अपराध में हर हाल में आरोपी को उसके किये की सजा होनी चाहिये, इस के लिए विवेचना मे किसी भी प्रकार की कोई ,त्रुटि न हो इसका ध्यान रखें। बैठक के पूर्व सायबर हैल्प डैस्क में कार्यरत कर्मचारियों को कार्यशाला आयोजित करते हुये साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉॅड एवं मोबाइल गुमने जैसी अन्य साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों के संबंध में त्वरित कार्यवाही करने बताया गया। बैठक में एएसपी अपराध जितेन्द्र सिंह, एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा, राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
