खाना खाने रुका ड्रायवर, लौटकर देखा तो गायब था ट्रक

देवास। शहर शिवोम तौल कांटे के पास ढाबे में खाना खाने गए ट्रक चालक के लिए कुछ देर का वक्त भारी पड़ गया। वापस लौटने पर जहां ट्रक खड़ा किया था, वहां नहीं मिला। करीब 24 लाख रुपए कीमत का ट्रक और उसमें भरा एक लाख रुपए का माल चोरी हो चुका था। शिकायत मिलते ही बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस सक्रिय हुई और सीसीटीवी फुटेज की कड़ियां जोड़ते हुए महज 12 घंटे में चोरी का खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया ट्रक और उसमें भरा माल बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार अशोकनगर निवासी मानसिंह पासवान 20 अगस्त को गुना की ओर से ट्रक क्रमांक एचआर 55यू 8220 में माल लेकर देवास आया था। तौल कांटा के पास ट्रक पार्क कर वह खाना खाने चला गया। कुछ देर बाद वापस लौटा तो ट्रक मौके से गायब था। आसपास तलाश करने के बाद भी पता नहीं चला तो उसने बैंक नोट प्रेस थाने में शिकायत दर्ज कराई। ट्रक की कीमत करीब 24 लाख रुपए और उसमें भरे माल की कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

फुटेज खंगाले, तकनीकी जांच से जुड़ती गई कड़ियां-

पुलिस ने मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें सक्रिय कीं। ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम्’ के तहत शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला गया। पुलिस ने ट्रक की आवाजाही से जुड़े फुटेज का विश्लेषण करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की भी मदद ली। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रक चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने चोरी गया ट्रक और उसमें भरा माल बरामद कर लिया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान से जुड़े तार-

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें राहुल पिता रामसिंह (28), निवासी ग्राम निपानिया, जिला गंगाधर राजस्थान, तेजूलाल पिता राधेश्याम मेहर (38) निवासी सरवन जिला झालावाड़, राजस्थान तथा जगदीश सिंह पिता बलवंत सिंह (29) निवासी बानीखेड़ी जिला झालावाड़ राजस्थान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

25 लाख का माल बरामद-

त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने करीब 24 लाख रुपए कीमत का ट्रक और उसमें भरा करीब एक लाख रुपए का माल, यानी कुल करीब 25 लाख रुपए का मश्रुका बरामद किया है। महज 12 घंटे के भीतर ट्रक की बरामदगी को पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच की सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका-

कार्रवाई में थाना प्रभारी बीएनपी प्रीति कटारे, उप निरीक्षक शुभम व्यास, सहायक उप निरीक्षक कमल सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक अभिषेक पांडे, कमल, रवींद्र यादव, अशोक जोशवाल, दिनेश, आरक्षक उमेश भदौरिया, दीपेन्द्र शर्मा, रवि पटेल, शिराज, संदीप, विजेन्द्रसिंह, रोहित रोजड़े, प्रदीप यादव तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान और शिवप्रताप सेंगर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवास शहर गजेंद्रसिंह वर्धमान के मार्गदर्शन, उप पुलिस अधीक्षक (एल/आर) अभिषेक गौतम के निर्देशन और थाना प्रभारी प्रीति कटारे के नेतृत्व में की गई।

Next Post

ससुराल में पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर निर्मम हत्या करने वाले पति को उम्रकैद

Sat Aug 22 , 2026
कन्नौद। द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश अमित निगम की अदालत ने पत्नी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या करने वाले अभियुक्त छतरसिंह (उम्र 36 वर्ष, निवासी घोड़ावर गोकन्या, जिला इंदौर) को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है। घटना 12 मई 2024 की रात करीब 1:30 बजे कन्नौद […]

You May Like