
श्योपुर। जिले के विजयपुर क्षेत्र के दाउदपुर गांव के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत होने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे में दिलीप कुशवाह, पिता श्रीनिवास कुशवाह और अंकित कुशवाह पिता भीमसेन कुशवाह की मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अगरा थाना क्षेत्र के दंगपुरा मोड़ पर मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ने से बाइक पेड़ से टकरा गई थी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गश्त कर रही डायल 112 की टीम के पायलट पंकज धाकड़ और आरक्षक मलिखान सिंह ने मौके पर पहुंचकर दोनों को स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। दोनों युवकों के शव विजयपुर स्थित पोस्टमार्टम हाउस में रखे गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है। कम उम्र में दो युवकों की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
