इंदौर: पुलिस कमिश्नर की जनसुनवाई में मंगलवार को 84 शिकायतें पहुंचीं. इनमें सबसे अधिक शिकायतें पारिवारिक और आपसी विवाद के साथ प्लॉट मकान और जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों की रहीं. इसके अलावा पैसों के लेन-देन, वित्तीय धोखाधड़ी, वेतन नहीं देने और महिला अपराध से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं.पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कमिश्नर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में एक एक आवेदक की समस्या सुनी. पति पत्नी और बेटा बहू के विवाद के साथ पड़ोसियों के बीच मतभेद की शिकायतें भी पहुंचीं. कुछ लोगों ने सामान देने के बाद भुगतान नहीं करने, कोल्ड स्टोरेज संचालकों द्वारा माल या रकम नहीं लौटाने तथा नियोक्ताओं द्वारा वेतन नहीं देने की शिकायत की. प्लॉट, मकान और जमीन की धोखाधड़ी के मामलों के साथ वित्तीय फ्रॉड और पुलिस स्तर पर सुनवाई नहीं होने से जुड़ी शिकायतें भी अधिकारियों के सामने रखी गईं.
पुलिस कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदकों के सामने और फोन पर आवश्यक निर्देश देते हुए मामलों का जल्द निराकरण करने को कहा. जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी सहित सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने कई मामलों में मौके से ही संबंधित थाना और अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए.
