इस्लामाबाद, 06 सितंबर (वार्ता) पाकिस्तान में पिछले 24 घंटों के दौरान वर्षाजनित घटनाओं में कम से कम 21 लोगों की मौतें हुई हैं। रिपोर्टों के मुताबिक पश्चिमोत्तर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बुनेर ज़िले में 13 मौतों की भी पुष्टि हुई है। ये लोग 15 अगस्त को अचानक आयी बाढ़ के दौरान लापता हो गए थे और बाद में प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा सत्यापन के बाद स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के अधिकारियों के मुताबिक पूर्वी पंजाब प्रांत में आठ मौतें हुईं, जिनमें से ज़्यादातर नदी में आयी बाढ़ और घर ढहने के कारण हुईं।
उन्होंने बताया कि गत 26 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से, मूसलाधार बारिश और बाढ़ में देश भर में कम से कम 905 लोगों की जानें जा चुकी है और 1,044 अन्य घायल हुए हैं। इन आपदाओं में 9,363 घर भी नष्ट हो गए हैं और 6,180 मवेशी मारे गए हैं।
अधिकारियों ने आगे भी बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि बचाव दल सतर्क हैं। प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

