
मंडला। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को स्थानीय महात्मा गांधी स्टेडियम में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में जिला पुलिस बल द्वारा सद्भावना फुटबॉल मैच आयोजित किया गया। मेजर ध्यानचंद की स्मृति में आयोजित इस मैच में पुलिस इलेवन और सिटीजन इलेवन आमने-सामने हुए।
मैच का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर कर खेलों से जोड़ना और साथ ही यातायात नियमों एवं साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए जागरूक करना रहा। मुकाबले में सिटीजन इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुलिस इलेवन को 4–0 से हराया। सिटीजन इलेवन की ओर से बिलाल खान, प्रथम चौकसे (2 गोल) और यावेश संत ने गोल दागे। विजेता कप्तान पंकज उसराठे और उपविजेता कप्तान संदीप भारतीय को ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा ने खिलाड़ियों को खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए यातायात नियमों का पालन, नशे से दूर रहने और साइबर अपराधों से सचेत रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा मुख्य अतिथि रहे। आयोजन में जिला क्रीड़ा अधिकारी विकास खराड़कर, जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष डॉ. दिलीप शर्मा, खेल प्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और खेल प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। आयोजन को सफल बनाने में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।
