भोपाल, 20 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार से प्रारंभ होने वाले दो दिवसीय ‘ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट’ (जीआईएस) के दौरान ही दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं के चलते स्कूल शिक्षा विभाग ने संबंधित स्कूलों को आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए हैं।
भोपाल के जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से आज जारी आदेश में कहा गया है कि जीआईएस के कारण शहर में 24 और 25 फरवरी को अनेक स्थानों पर आवागमन का मार्ग परिवर्तित रहेगा। इसलिए सभी परीक्षार्थियों को अपने परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने के लिए कहा जाए। इसमें निर्देशित किया गया है कि परीक्षार्थियों से एक या दो घंटे पहले घर से परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए कहा जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा से वंचित नहीं हो।
जीआईएस के उद्घाटन समारोह में 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही देश विदेश के सैकड़ों प्रमुख उद्योगपति, प्रतिनिधि और अन्य वीवीआईपी शहर में रहेंगे। इस दौरान उन्हें विभिन्न होटल और हवाईअड्डे से कार्यक्रम स्थल इंदिरा गांधी मानव संग्रहालय परिसर तक लाने ले जाने के लिए सैकड़ों वाहनों की व्यवस्था की गयी है। संबंधित मार्गों का यातायात भी आम लोगों के लिए परिवर्तित किया गया है। इसी दिन राज्य के माध्यमिक शिक्षा मंडल (बोर्ड) और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीबीएसई) से संबंधित दसवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षाएं भी आयोजित हैं। इससे संबंधित खबरें मीडिया में आने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ है।

