
सिंगरौली । पुलिस चौकी खुटार के समीप ढेकी मार्ग में आज गुरूवार की सुबह मोटरसाइकिल की टक्कर से साइकिल सवार एक प्रौढ़ व्यक्ति घायल हो गया। गंभीर अवस्था में बैढ़न के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसकी दोपहर के वक्त मौत हो गई। परिजन शव को सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया है। हैरानी की बात है कि एसडीएम व तहसीलदार रात 10 बजे घटनास्थल पर नही पहुंचे।
जानकारी के अनुसार राजकपूर बिन्द पिता रामसुभग बिन्द उम्र 40 वर्ष निवासी ढेकी साइकिल से जा रहा था कि ढेकी के पास एक मोटरसाइकिल चालक ने तेज गति से चलाते हुये टक्कर मार दिया। इस घटना में साइकिल सवार प्रौढ़ व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उपचार के लिए बैढ़न के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान प्रौढ़ व्यक्ति की मौत हो गई। जहां गुस्साए परिजन खुटार के ढेकी मार्ग में शव को सड़क पर रख चक्काजाम शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि पॉच घंटे से अधिक समय होते जा रहा है, घटनास्थल पर एसडीएम, तहसीलदार समेत अन्य जिम्मेदार अधिकारी जाने से कतरा रहे हैं। इसके पीछे कारण क्या है, यह तो नही बताया जा सकता है, लेकिन एसडीएम एवं अन्य अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी देखी गई और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है। मौके पर कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक विनय शुक्ला एवं चौकी प्रभारी शीतला यादव सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।
