बुखारेस्ट, 26 मई (वार्ता) निकुसोर डैन ने सोमवार को रोमानिया की संसद में शपथ ग्रहण समारोह के बाद रोमानिया के राष्ट्रपति के रूप में पदभार ग्रहण किया।
श्री डैन ने अपने उद्घाटन भाषण में कानून के शासन के अनुरूप “ मौलिक परिवर्तन” की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने नागरिकों से सुधार लाने के लिये राज्य संस्थानों पर “सकारात्मक दबाव” बनाये रखने का आह्वान किया और जनता की आवाज़ों के प्रति ग्रहणशील बने रहने का संकल्प लिया।
श्री डैन ने कहा, “ रोमानियाई समाज ने खुद को जीवंत और मजबूत साबित किया है। मैं समाज की आवाज़ के लिए खुला राष्ट्रपति बनूंगा और समाज के साथ भागीदार के रूप में काम करूंगा। ”
पचपन वर्षीय स्वतंत्र उम्मीदवार ने 18 मई को राष्ट्रपति पद के लिये हुये दूसरे दौर के चुनाव में 53.6 प्रतिशत वोट हासिल किये और रोमानिया में गठबंधन के नेता जॉर्ज सिमियन को हराया।
श्री डैन शपथ लेने के बाद कोट्रोसेनी प्रेसिडेंशियल पैलेस जायेंगे, जहां वे रोमानिया के अंतरिम राष्ट्रपति इली बोलोजान से पदभार ग्रहण करेंगे।
उल्लेखनीय है कि रोमानियाई संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति चुनाव हर पांच साल में आयोजित किये जाते हैं, जिसमें किसी के लिये अधिकतम दो लगातार कार्यकाल की अनुमति होती है।
