पातालपानी जाने की बात कहकर निकला युवक लापता, खाई के पास मिली चप्पल

इंदौर: एरोड्रम क्षेत्र में रहने वाले रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर के बेटे मनीष गवई के लापता होने का मामला सामने आया है. मनीष पिछले तीन दिनों से लापता है. परिजनों को आशंका है कि वह पातालपानी जाकर आत्महत्या करने की फिराक में था. शनिवार को पातालपानी क्षेत्र में खाई के पास उसकी चप्पल मिलने के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है. रविवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरु किया.

थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि 21 जनवरी को मनीष गवई घर से चिड़ियाघर जाने की बात कहकर निकला था. शाम तक वापस नहीं लौटने पर उसके पिता ने मोबाइल पर संपर्क किया तो उसने एक घंटे में घर लौटने की बात कही. इसके कुछ देर बाद मनीष के बड़े भाई दीपक गवई के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें मनीष ने पातालपानी जाकर आत्महत्या करने की बात लिखी थी. इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया.

परिजन तत्काल पातालपानी पहुंचे, लेकिन वहां मनीष का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद रात में एरोड्रम थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई और आसपास के थानों को भी सूचना दी. शनिवार को महू पुलिस को पातालपानी क्षेत्र में खाई के पास एक युवक की चप्पल मिलने की जानकारी मिली, जो जांच में मनीष गवई की निकली. एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि शनिवार शाम कुछ लोग मौके पर पहुंचे थे, लेकिन अंधेरा होने के कारण सर्चिंग नहीं की जा सकी. रविवार सुबह एनडीआरएफ की टीम की मदद से खाई में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा हैं.

Next Post

अमेरिका ने कनाडा को 100 प्रतिशत टैरिफ की धमकी दी

Sun Jan 25 , 2026
नयी दिल्ली/वाशिंगटन, 25 जनवरी (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कनाडा को चीन के साथ व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने पर धमकी देते हुए कहा कि अगर कनाडा ने ऐसा किया तो उस पर 100प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति कनाडा और चीन के बीच हुए इस व्यापार […]

You May Like