वाणिज्य मंत्री गोयल ने कनाडा यात्रा का ओटावा चरण पूरा किया, प्रधानमंत्री कार्नी और अन्य नेताओं से निवेश – व्यापार संबंध पर सार्थक चर्चा की

नयी दिल्ली/ ओटावा 26 मई (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कनाडा की अपनी यात्रा के ओटावा चरण में प्रधानमंत्री मार्क जे कार्नी, व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू, कृषि और कृषि-खाद्य मंत्री हीथ मैकडॉनल्ड तथा विदेश मंत्री अनिता आनंद के साथ बैठकें कर भारत-कनाडा संबंधों को मजबूत करने और आपसी व्यापार-निवेश बढ़ाने के लिए प्रस्तावित द्विपक्षीय समझौते की बातचीत को अंतिम रूप देने पर चर्चा की हैं। श्री गोयल ने प्रधानमंत्री श्री कार्नी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का शुभकामना संदेश दिया और दोनों देशों के संबंधों को गति देने के मेजबान प्रधानमंत्री के योगदान का उल्लेख किया। दोनों पक्षों ने भारत कनाडा व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (सेपा) के लिए चल रही बातचीत को लेकर उत्साह जताया है और 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 70अरब डॉलर के स्तर तक पहुंचने के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए काम करने की प्रतिद्धबद्धता व्यक्त की ।

एक बडृे व्यावसायिक दल के साथ इस यात्रा पर गये श्री गोयल ने प्रधानमंत्री श्री कार्नी के साथ अपनी मुलाकात के बारे में कहा, “मैक जे कार्नी से मुलाकात की, और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उनकी हाल की भारत यात्रा को स्नेहपूर्वक याद किया, जिसने भारत-कनाडा साझेदारी को नयी गति और नया आत्मविश्वास प्रदान किया है। प्रधानमत्री श्री कार्नी के साथ इस मुलाकात में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने पर भविष्योन्मुखी चर्चा हुई और सेपा के शीघ्र निष्कर्ष के प्रति आशा व्यक्त की गयी। यह समझौता दोनों राष्ट्रों के लिए विकास और समृद्धि के नए रास्ते खोलेगा।” प्रधानमंत्री श्री कार्नी ने इस मुलाकात के बाद एक बयान में कहा, ‘हम भारत के साथ एक मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। यह कनाडाई श्रमिकों और व्यवसायों के लिए एक ‘गेम चेंजर’ (बड़ा अवसर) साबित होगा और जिससे एक विशाल नया बाजार खुलेगा।’ उन्होंने कहा , ‘ हम तेजी से काम कर रहे हैं, मैंने मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की ताकि अब तक हुई हमारी प्रगति की समीक्षा की जा सके और ऊर्जा, कृषि-खाद्य, प्रौद्योगिकी तथा शिक्षा के क्षेत्रों में हमारे दोनों देशों के लिए आगे आने वाले अवसरों का पता लगाया जा सके।’

श्री गोयल ने कनाडा के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के साथ बातचीत से की। श्री सिद्धू ने उनके लिए स्वागत समारोह आयोजित किया था। वाणिज्य मंत्री ने इस बातचीत को सुखद बताया। उन्होंने श्री संधू को विकास यात्रा के बारे में अवगत कराया जो के लोगों की आकांक्षाओं, एक जीवंत उद्यमशीलता की भावना, विशाल प्रतिभा पूल और व्यापक बाजार अवसरों से प्रेरित है। श्री गोयल ने इस बातचीत में भारत-कनाडा के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और लोगों से लोगों के बीच संबंधों को गहरा करने में भारतीय प्रवासियों के महत्वपूर्ण योगदान का भी उल्लेख किया। वाणिज्य मंत्री ने इससे पहले सुबह ओटावा में श्री सिद्धू के साथ, भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सेपा) की वार्ताओं को आगे बढ़ाने पर ‘रचनात्मक’ बातचीत की। उन्होंने कहा, ‘ हमने अपनी टीमों को एक ऐसे संतुलित, व्यावसायिक रूप से सार्थक और महत्वाकांक्षी समझौते की दिशा में काम करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए, जो आर्थिक साझेदारियों को मजबूत करे और दोनों देशों के व्यवसायों तथा नागरिकों को ठोस लाभ पहुंचा सके।’

श्री सिद्धू ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा, ‘ आज, प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और मैंने भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का स्वागत किया। कनाडा इस समय भारत के अब तक के सबसे बड़े व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल की मेज़बानी कर रहा है, जिसे भारत ने किसी भी देश में भेजा है। हम कनाडा-भारत (सेपा) व्यापार समझौते की दिशा में काम को आगे बढ़ा रहे हैं और अपनी आर्थिक साझेदारी को मज़बूत कर रहे हैं। इससे व्यवसायों, श्रमिकों और निर्यातकों के लिए नए अवसर पैदा होंगे।” कनाडा के व्यापार मंत्री ने कहा , ‘जैसे-जैसे हम 2030 तक कनाडा-भारत व्यापार को दोगुना करके 70 अरब डालर तक पहुँचाने की दिशा में काम कर रहे हैं, दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक के साथ संबंध बनाना, कनाडाई लोगों के लिए बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने की दिशा में एक केंद्रीय कदम है।’

श्री गोयल ने विदेश मंत्री अनिता आनंद के साथ अपनी व्यापक चर्चा के बारे में सोशल मीडिया पर कहा कि इस बातचीत में भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी के लिए व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी संबंधों के महत्व पर जोर दिया गया। श्री गोयल ने सुश्री आनंद को बताया कि भारत का बढ़ता बुनियादी ढांचा, नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और उपभोक्ता क्षेत्र, अन्य क्षेत्रों के साथ मिलकर, व्यापक सहयोग और निवेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। कनाडा के कृषि और कृषि-खाद्य मंत्री श्री मैकडॉनल्ड के साथ एक बैठक के विषय में श्री गोयल ने कहा, ‘ हमने कृषि क्षेत्र में सहयोग को मज़बूत करने पर चर्चा की, जिसमें खाद्य सुरक्षा, स्थिरता, कृषि-तकनीक पर विशेष ज़ोर दिया गया। साथ ही, हमने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में सहयोग के अवसरों को तलाशने पर भी बात की, जिसका उद्देश्य भारतीय किसानों और उत्पादकों की आय बढ़ाना है।’

.....

Next Post

अब 28 मई को रहेगा ईदुज्जुहा का अवकाश

Tue May 26 , 2026
ग्वालियर: ईदुज्जुहा का अवकाश अब गुरुवार 28 मई को रहेगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस आशय का आदेश जारी किया गया है। पहले बुधवार 27 मई को ईदुज्जुहा की छुट्टी घोषित थी। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अब 27 मई को […]

You May Like