मुंबई, 27 अगस्त (वार्ता) महाराष्ट्र में पालघर जिले के विरार इलाके में मंगलवार देर रात एक चार मंजिला इमारत ढहने से दो लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
सूत्रों ने बताया कि रमाबाई अपार्टमेंट का पिछला हिस्सा कल रात करीब 11:30 बजे ढह कर उससे सटे एक चॉल पर गिर गया, जिससे कई लोगों की मलबे में दबने की आशंका है।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन विभाग और वसई विरार नगर निगम की टीमों ने तुरंत संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया।
एनडीआरएफ के उप कमांडर प्रमोद सिंह ने बताया कि दो टीमें तैनात की गईं, एक मुंबई से और दूसरी पालघर की है। उन्होंने कहा, “आधी रात को सूचना मिलते ही निकटतम टीम ने तुरंत कार्रवाई की।” राहत एवं बचाव अभियान में मानव और खोजी स्वानों की मदद ली गयी और चार लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें से एक की मौत हो गई और तीन को बचा लिया गया। एक साल के बच्चे की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गयी।
अब तक 11 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि कई अन्य के फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान अभी भी जारी है।
