ग्वालियर: डबरा नगर में कुछ अलग ही हुआ. यहां दुल्हन विदा से पहले हाथों में मेंहदी लगाए सीधे डबरा सिटी थाना पहुंच गई. दुल्हन लवली वाल्मीकि ने परिजनों के साथ पहुंचकर शिकायत की कि सामूहिक विवाह कराने वाली समिति ने जो सामान देने को कहा था, वह नहीं दिया. इसमें बाइक भी शामिल है. जब तक उसे बाइक नहीं मिलेगी, वह विदा होकर अपनी ससुराल नहीं जाएगी.
दरअसल, ईशानी शिक्षा एवं जनकल्याण समिति द्वारा डबरा में सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन कराया जा रहा था. संस्था ने सभी जोड़ों को मोटरसाइकिल सहित गृहस्थी का सभी सामान देने का वादा किया था. वहीं, संस्था द्वारा कन्या पक्ष और वर पक्ष से 10-10 हजार रुपये पंजीयन के नाम पर लिए गए.विदाई की बारी पर टालमटोल करने लगी संस्था
लवली की शादी होने के बाद विदाई की बारी आई तो परिजनों ने संस्था से सामान मांगा तो टालमटोली करना शुरू हो गई. फिर वहां संस्था के लोग भी भाग निकले. दुल्हन के परिजनों ने जब संस्था के अध्यक्ष को फोन लगाया तो फोन नहीं लगा. जब ठगा महसूस हुआ तो पहुंचे थाने दुल्हन के परिजन अपने आप को ठगा महसूस करने लगे और तब जाकर दुल्हन खुद लाल जोड़े में विदाई से पहले सिटी थाना पहुंची और संस्था के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई करने की गुहार लगाई. इस दौरान मौजूद एसडीओपी सौरव कुमार ने संस्था के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है.
