बमनीघाट गांव में दर्दनाक हादसा डेढ़ माह का मासूम खौलती कढ़ाई में गिरा

छतरपुर। बड़ामलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बमनीघाट गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में खेलते समय डेढ़ वर्षीय मासूम आग के चूल्हे पर रखी खौलती कढ़ाई में गिर गया, जिससे वह करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गया। बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज छतरपुर जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में जारी है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7 बजे की है। बमनीघाट गांव निवासी शैलेश लोधी का डेढ़ वर्षीय पुत्र इतिस घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसकी मां रीना खाना बनाने की तैयारी कर रही थी और चूल्हे पर कढ़ाई में पानी गर्म हो रहा था। खेलते-खेलते मासूम मां के पास पहुंचने की कोशिश करने लगा और अचानक संतुलन बिगड़ने से वह खौलती कढ़ाई में गिर गया।

हादसे के बाद मां ने तुरंत बच्चे को कढ़ाई से बाहर निकाला और परिजनों की मदद से उसे बड़ामलहरा सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया। बच्चे के गले, पेट, हाथ और पैर गंभीर रूप से झुलस गए थे। प्राथमिक इलाज के बाद हालत में कुछ सुधार होने पर परिजन उसे घर ले गए, लेकिन शनिवार रात को उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई। इसके बाद बच्चे को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसे बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है।

मासूम के दादा जगत लोधी ने रविवार को बताया कि चने की भाजी बनाने के लिए कढ़ाई में पानी गर्म किया जा रहा था। बच्चा मां के पास दौड़कर गया, लेकिन कपड़े में फंसने के कारण सीधे कढ़ाई में गिर गया। फिलहाल डॉक्टर बच्चे की हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Next Post

छतरपुर में घने कोहरे के साथ बढ़ी ठंड, दृश्यता 50 मीटर तक सिमटी 

Sun Dec 14 , 2025
छतरपुर। रविवार की सुबह छतरपुर में मौसम का मिजाज बदला नजर आया। आसमान में घना कोहरा छाने से ठंड का असर बढ़ गया और शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी सर्दी ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग के मुताबिक जिले में न्यूनतम तापमान […]

You May Like