बढ़ाई गई लंबाई, निकाल लिए गए कोच पोजिशन सिस्टम
जबलपुर:देश के पहले पिंक रेलवे स्टेशन मदन महल के प्लेटफार्म क्रमांक एक और दो में कोच पोजीशन सिस्टम नहीं लगा हुआ है। यह सिस्टम यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए जाते है जिसमें रेल के डिब्बो की प्लेटफार्म पर निर्धारित जगह लिख कर आती है। पर अफसोस यह कोच पोजीशन सिस्टम प्लेटफार्म क्रमांक एक और दो से गायब हो चुका हैं। ऐसे में रेल के आगमन के समय डिब्बे को ढूंढ़ने में यात्रियों के बीच अफरा तफरी की स्थिति बन जाती है। उन्हें अपने कोच की सम्भावित स्थिति बताने के लिए कोई भी जिम्मेदार मौजूद नहीं रहता है।
लंबाई बढ़ाई, सिस्टम निकाल लिया
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए मदनमहल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म का विस्तार किया गया था इसके तहत प्लेटफॉर्म की लम्बाई बढ़ाई गई थी। जिसमें स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बने शेड की लम्बाई भी बढ़ाई गई थी जिसके चलते कोच पोजीशन सिस्टम को अलग किया गया था परंतु लेंथ बढ़ाने के बाद भी यह सिस्टम नहीं लगाया गया है।
होती है परेशानी
जानकारों कि माने तो प्लेटफॉर्म क्रमांक एक के निर्माण के दौरान कोच डिस्प्ले सिस्टम हटाए गए थे। जिसमें शेड की लंबाई का कार्य भी शामिल था। काम पूरा होने के साथ ही कोच पोजीशन सिस्टम वापिस लगाए जाने के आसार हैं। वही प्लेटफॉर्म पर रात के समय रोशनी कम होने के कारण यात्रियों को डिब्बों के नम्बर नजर नहीं आते है। जिसके चलते उन्हें अपनी सीट तक पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पोजीशन सिस्टम के न होने से सबसे ज्यादा कष्ट महिलाओ और बुजुर्गों के साथ दिव्यांगजनों को होती है।
इनका कहना है
कोच पोजीशन सिस्टम लगाने का कार्य स्वीकृत हो चुका है। शीघ्र ही यह प्लेटफार्म पर लग जाएगा।
डॉ. मधुर वर्मा, सीनियर डीसीएम, पश्चिम मध्य रेल
