
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में शनिवार को जिले भर में पुलिस ने अवैध शराब निर्माण, फरार आरोपियों की तलाश और संदिग्ध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए व्यापक अभियान चलाया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गठित कई टीमों ने एक साथ दबिश दी और ग्रामीण इलाकों में परधियों के डेरे व संदिग्ध घरों की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान हजारों किलो महुआ लाहन मौके पर नष्ट कर दिया गया और कई संदिग्धों को सख्त चेतावनी दी गई।
*कुठला–स्लीमनाबाद क्षेत्र में दबिश*
नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के नेतृत्व में थाना कुठला प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा और थाना स्लीमनाबाद प्रभारी सुदेश समन सहित पुलिस बल ने ग्राम कुडो, हरदुआ, हरदुआ मदार टेकरी और पठारा का दौरा किया। यहां संदिग्ध घरों और झोपड़ियों की तलाशी ली गई, जहां बड़ी मात्रा में अवैध लाहन और शराब निर्माण सामग्री पाई गई, जिसे मौके पर नष्ट कर दिया गया।
*विजयराघवगढ़ व बरही क्षेत्र में कार्रवाई*
एसडीओपी विजयराघवगढ़ धीरेन्द्र धार्वे की टीम ने थाना बरही प्रभारी शैलेंद्र यादव और थाना विजयराघवगढ़ प्रभारी रीतेश शर्मा के साथ हीरापुर, ददरी और फूटहा टोला में दबिश दी। हीरापुर से लगभग 400 किलो महुआ लाहन बरामद कर नष्ट किया गया। ददरी से भी अवैध लाहन जब्त कर नष्ट किया गया।
*रीठी–बहोरीबंद क्षेत्र में खोजबीन*
डीएसपी हेडक्वार्टर उमराव सिंह के नेतृत्व में थाना रीठी प्रभारी शाहिद खान और थाना बहोरीबंद प्रभारी अखिलेश दाहिया ने ग्राम बिरूली और संगमा में फरार आरोपियों की तलाश की। इस दौरान बड़ी मात्रा में लाहन नष्ट किया गया।
*अन्य थाना क्षेत्रों में जांच*
थाना बड़वारा प्रभारी के.के. पटेल और थाना एनकेजे पुलिस बल ने ग्राम बसाडी, धौरा पहाड़ी और निगेरा पहाड़ी में परधियों के डेरे खंगाले। वहीं चौकी बिलहरी पुलिस ने ग्राम घुघरा, कैमोरी और करहिया में पारधी एवं नागड़िया समाज के डेरों की तलाशी ली।
