
जबलपुर। पुराने स्कूल की यादों को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए मोंटेसरी स्कूल (शासकीय पूर्व प्राथमिक प्रशिक्षण संस्थान) के 1978 बैच के पूर्व विद्यार्थियों ने वर्तमान विद्यार्थियों के लिए अनुकरणीय पहल की। बैच के सदस्यों ने स्कूल में अध्ययनरत सभी 94 विद्यार्थियों को जूते-मोजों के सेट भेंट किए। वर्ष 2022 के पुनर्मिलन समारोह में स्कूल और विद्यार्थियों के हित में सहयोग का संकल्प लेने वाले पूर्व विद्यार्थियों ने इसी कड़ी को आगे बढ़ाया। जूते-मोजे पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बनी। स्कूल के पूर्व विद्यार्थी अशेष तिवारी, अमर मेहता, राजू जैन, दिनेश पहाड़िया और विनय शुक्ला ने स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों को सामग्री वितरित की। अल्युमनी संयोजक अशेष तिवारी ने कहा कि विद्यालय से मिले संस्कारों के प्रति दायित्व निभाते हुए बैच भविष्य में भी सहयोग करता रहेगा। होम साइंस कॉलेज परिसर स्थित करीब 72 वर्ष पुराने इस संस्थान से पढ़े हजारों विद्यार्थी आज देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दे रहे हैं। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. राममोहन तिवारी, संगीता श्रीवास्तव, कुसुम पासी, शीबा खान, रश्मि दवे और किरण महोबिया सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
