
पिपलियामंडी। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के निर्माण के उद्देश्य से पंडित अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय महाविद्यालय, पिपलियामंडी में इको क्लब के तत्वावधान में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इको क्लब प्रभारी राधेश्याम कटारा ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि वृक्ष कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, जिससे वायु प्रदूषण में कमी आती है और पर्यावरण स्वच्छ एवं संतुलित बना रहता है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दिनेशचंद्र बोरीवाल ने विद्यार्थियों को औषधीय एवं छायादार पौधों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन के अभिन्न साथी हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक दायित्व बताते हुए विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इको क्लब के प्रत्येक सदस्य को ‘एक पौधा–एक जिम्मेदारी’ अभियान के तहत एक-एक पौधे की जिम्मेदारी सौंपी गई तथा वर्षभर उसकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया, ताकि लगाए गए पौधे विकसित होकर भविष्य में पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
इस अवसर पर प्रो. प्रीति गिरवाल, डॉ. चंद्रकला चौहान, प्रो. दीपशिखा कालड़ा, प्रो. रितु शर्मा, श्री राजेंद्र यादव, डॉ. कन्हैयालाल लोहार एवं श्री विजय शर्मा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
