भोपाल: नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान प्रारम्भ किया गया। आगामी शुक्रवार 30 मई 2025 तक चलने वाले अभियान के प्रथम दिन समस्त 85 वार्डों में प्रात: कालीन पाली में प्रमुख मार्गों, चौराहों, डिवाइडर्स व व्यवसायिक क्षेत्रों की विशेष साफ-सफाई कराई गई और प्रत्येक घर से कचरा संग्रहित करने के साथ ही सफाई कार्य के दौरान निकले कचरे को भी निर्धारित समयानुसार उठवाने का कार्य किया गया जबकि सांयकालीन द्वितीय पाली में सभी वार्ड क्षेत्रों में स्थित जोन/वार्ड कार्यालयों के अलावा वार्ड में स्थापित प्रतिमाओं एवं उनके आसपास के क्षेत्रों तथा वार्ड के 1 चयनित क्षेत्र की सघन साफ-सफाई भी की गई ।
निगम अमले ने साफ-सफाई कार्य के साथ ही स्थानीय नागरिकों से भी संपर्क किया और विशेष सफाई अभियान की जानकारी देते हुए अभियान में सहभागिता दर्ज कराने का आव्हान भी किया। निगम के वरिष्ठ अधिकारीयों ने अभियान के दौरान किये जा रहे कार्यों का अवलोकन भी किया और आवश्यक दिशा निर्देश भी निगम अमले को दिए। कार्य के दौरान निकले कचरे की ढेरियों को भी निर्धारित समयानुसार उठवाया गया और अनेक स्थानों पर चूने की लाइन व रंगोली भी बनाई गई । निगम के स्वास्थ्य विभाग के अमले ने अपरान्ह की पाली में दोपहर 2 से सांय 6 बजे तक प्रत्येक वार्ड के एक चयनित क्षेत्र के साथ ही जिन वार्डों में महापुरूषो आदि की प्रतिमाएं स्थापित हैं उन प्रतिमाओं एवं आसपास के स्थानों/चौराहों की विशेष साफ-सफाई की गई और जोन एवं वार्ड कार्यालयों में भी विशेष साफ-सफाई कार्य कराया गया।
