
सीहोर। रविवार को बिलकिसगंज जोड़ पर सैकड़ों ग्रामीणों, व्यापारियों एवं किसानों ने सड़क निर्माण के कारण धूल, प्रदूषण एवं घटिया निर्माण एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की लापरवाही को लेकर धरना प्रदर्शन किया.
ग्रामीणों का कहना है कि विगत दिनों मुख्य सचिव अनुराग जैन, लोनिवि मंत्री, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, प्रदूषण बोर्ड एवं मानव अधिकार आयोग को ज्ञापन देकर मांग की थी कि सीहोर-बिलकिसगंज, चंदेरी पर विगत चार पांच महीनों से जो रोड़ बन रहा है. उससे प्रदूषण और धूल उडऩे के कारण जनता बीमार हो रही हैं. साथ ही जो घटिया निर्माण किया जा रहा है. इसको लेकर भी अवगत कराया था. इसके बाद भी अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई. नतीजतन ग्राम चंदेरी, ढाबला, बिलकिसगंज के ग्रामीण धरने पर बैठ गए.
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि कार्यपालन यंत्री को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए. वह न तो किसी की समस्या सुनने को तैयार है न ही वो किसी भी जनप्रतिनिधि का फोन तक नहीं उठाते हैं.
निवासियों के अनुसार दिन भर उड़ती धूल से घरों, दुकानों पर धूल की मोटी परत जम जाती है. खासकर बच्चे, बुजुर्ग और दमा व सांस संबंधी रोगों से पीडि़त लोग प्रभावित हो रहे हैं. बिलकिसगंज जोड़ चौराहे पर विगत एक सप्ताह से रोड खुदा पड़ा हुआ है. परन्तु कई दिनों से निर्माणाधीन रोड पर पानी नहीं डाला गया. न ही निर्माण स्थल पर धूल नियंत्रण के लिए आवश्यक उपाय नहीं किए जा रहे है. प्रदर्शन करने वालों में एमएस मेवाड़ा, राजेंद्र वर्मा, धीरू राठौर, प्रीतम सिंह मेवाड़ा, गब्बर मेवाड़ा, गोलू, लक्की, कमलेश राज कुमार परमार, धर्मेंद्र सतीश, अमित परमार, राकेश गौर शामिल हैं.
