
रीवा, गोविंदगढ़ पुलिस ने एक ही रात में ट्रैक्टर और मोटर साइकिल चोरी की वारदात का खुलासा कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. चोर गिरोह का जाल प्रयागराज तक फैला है. पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है. आरोपियों से करीब 12 लाख रुपये का मशरूका बरामद हुआ है. आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया.
जानकारी के मुताबिक 15-16 जून की दरम्यानी रात ग्राम मड़वा में फरियादी नीलेश रजक का पावर ट्रैक ट्रैक्टर और कुछ दूरी पर अजय सिंह की हीरो स्मार्ट बाइक चोरी हो गई थी. रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की. पकड़े गए 4 संदेहियों ने पूछताछ में दोनों चोरी कबूल की. उनकी निशानदेही पर चोरी गया ट्रैक्टर हंडिया प्रयागराज से और बाइक खजुहा खुर्द रायपुर कर्चुलियान से जब्त की गई. बाइक बेचने में शामिल एक अन्य व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है. घटना में प्रयुक्त बोलेरो भी पुलिस ने बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों में रमेशचन्द्र दुबे 45 वर्ष खजुरी थाना कोरांव प्रयागराज, शरद पाण्डेय, 29 वर्ष, वघमड़ा थाना गुढ़, अजीत वर्मा उर्फ अजय, 29 वर्ष, पंखा टोला शंकरगढ़, प्रयागराज, राजीव कुमार पाण्डेय, 21 वर्ष, नौवस्ता थाना चोरहटा रीवा, अमरीश द्विवेदी, 22 वर्ष, खजुहा थाना गुढ़, रीवा शामिल है. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है.
