
रीवा, उत्तर प्रदेश की नोएडा पुलिस ने फिल्म सिटी के पास से नशीली कफ सिरप की तस्करी करने वाले रीवा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 7 लाख 25 हजार रुपये कीमत की 3600 शीशी अवैध कफ सिरप बरामद की है. यह खेप एक लग्जरी फॉर्च्यूनर कार में भरकर लाई जा रही थी.
एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि सेक्टर-20 थाना पुलिस और यातायात पुलिस ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान फिल्म सिटी से रजनीगंधा चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर एक्सप्रेसवे से उतरने वाले लूप के पास एक संदिग्ध फॉर्च्यूनर कार को रोका गया. जिसकी तलाशी ली गई तो कार से 15 बोरों में रखी भारी मात्रा में अवैध कफ सिरप बरामद हुई. बरामद कफ सिरप ओनेरेक्स 100 एमएल ब्रांड की है, जिसकी कुल 3600 शीशियां मिली हैं. पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पीयूष वर्मा और कपिल विश्वकर्मा निवासी करहिया थाना चोरहटा रीवा के रूप में हुई है. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि दोनों आरोपी नशीली कफ सिरप की खेप को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करते थे. पुलिस को शक है कि इसके पीछे एक अंतरराज्यीय नेटवर्क सक्रिय है, जो युवाओं तक नशे की सामग्री पहुंचा रहा है. मामले में गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है और पुलिस पूरे नेटवर्क की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है.
