
छतरपुर। छतरपुर जिले में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे अब हालात बिगड़ने लगे हैं। रविवार को भी आसमान में काले बादल छाए रहे और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, जिले में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा की रफ्तार 14 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते तक इसी तरह के मौसम की संभावना जताई है, यानी बारिश से राहत फिलहाल मिलने की उम्मीद नहीं है।
कहां कितनी बारिश हुई –
बीते 24 घंटे में छतरपुर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छी खासी बारिश दर्ज की गई। गौरिहार में सबसे ज्यादा 2.75 इंच बारिश हुई। अन्य क्षेत्रों का आंकड़ा इस प्रकार है:
छतरपुर: 2.08 इंच
लवकुशनगर: 1.77 इंच
राजनगर: 1.70 इंच
नौगांव: 1.41 इंच
बिजावर: 0.86 इंच
बड़ामलहरा: 0.80 इंच
बक्सवाहा: 0.73 इंच
जिले में 24 घंटे में कुल 12.1 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि 1 जून से 25 जुलाई तक अब तक कुल वर्षा 305 इंच पहुंच गई है।
नदी-नाले उफान पर, खेतों में पानी-पानी
बारिश का पानी अब मुसीबत बनता जा रहा है। जिले में कई नदियां और नाले उफान पर हैं। गांवों के आसपास के तालाब पूरी तरह भर चुके हैं। खेतों में पानी भरने से किसानों की मेहनत पर संकट मंडरा रहा है।
फसलें हुईं बर्बाद, किसान परेशान
लगातार भीगने से खेतों में खड़ी कई फसलें खराब हो गई हैं।मूंग, तिल और उड़द की फसलें करीब 90 फीसदी तक बर्बाद हो चुकी हैं।
हालांकि सोयाबीन और मूंगफली की फसलों को फिलहाल थोड़ी राहत है, लेकिन अगर बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो उनका भी बचना मुश्किल है।
