
छतरपुर। शहर के वार्ड नंबर 16 संकट मोचन पहाड़ी स्थित मरई माता मंदिर के पास रहने वाले एक परिवार ने दबंगों के डर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित सनत कुमार नागर की पत्नी सपना देवी नागर ने आवेदन देकर अपने पति और परिवार की जान को खतरा बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया कि 3 मार्च की रात नागर परिवार अपने घर में जन्मदिन का कार्यक्रम मना रहा था। इसी दौरान मुकेश नागर और आशीष नागर अपने 4-6 साथियों के साथ कथित रूप से नशे की हालत में घर के पीछे के रास्ते से अंदर घुस आए और परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने सनत कुमार नागर के साथ लात-घूंसों से मारपीट की।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने पूरे परिवार को जान से मारने और घर में आग लगाने की धमकी भी दी। घटना के बाद सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा आरोपियों ने दबाव बनाने के लिए पीड़ित पक्ष के खिलाफ ही झूठी शिकायत दर्ज करा दी।
स्थानीय पुलिस से निराश होकर सपना देवी नागर ने एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
