
इंदौर. शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन मौतों के मामलों ने सनसनी फैला दी. द्वारकापुरी क्षेत्र में मानसिक रूप से परेशान महिला ने एसिड पी लिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं तिलक नगर और भंवरकुआं इलाके में दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
द्वारकापुरी क्षेत्र निवासी सोनू सिसौदिया उम्र 43 साल पत्नी स्वर्गीय जगदीश सिसौदिया ने दोपहर एसिड पी लिया था. तबीयत बिगड़ने पर बेटा उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां देर रात करीब 11 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति की करीब आठ माह पहले मौत के बाद से वह मानसिक तनाव में थी. परिजन उसका इलाज डॉक्टरों के साथ साथ तांत्रिक से भी करा रहे थे. बताया गया कि दो दिन पहले ही परिवार में पोते का जन्म हुआ था. बुधवार को नवजात को घर लाए जाने पर महिला ने उसे अंदर लेने से मना कर दिया और घबराने लगी. परिजनों के समझाने के बावजूद गुस्से और तनाव में आकर उसने यह कदम उठा लिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं तिलक नगर थाना क्षेत्र में आकाश (उम्र लगभग 30 वर्ष) पुत्र राजू तायडे़ निवासी रामाबाई नगर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. परिजन उसे तबीयत बिगड़ने पर एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इसके अलावा भंवरकुआं थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी निवासी अजय उम्र 58 साल पुत्र मुन्नालाल की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों के अनुसार उन्हें हार्ट अटैक आया था, हालांकि पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
