
इंदौर. एमजी रोड थाना क्षेत्र के उषा फाटक इलाके में बुधवार-गुरुवार दरमियानी रात करीब 1 बजे गाड़ी खड़ी करने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर पथराव शुरू हो गया. हालात बिगड़ने पर तीन थानों की पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी. पुलिस ने करीब आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लेकर दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
रोहित बोयत और कल्याणे परिवार के बीच वाहन खड़ा करने को लेकर पहले कहासुनी हुई थी. कुछ ही देर में विवाद बढ़ा और दोनों पक्ष आमने सामने आ गए. आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने रोहित बोयत के घर पर पत्थर फेंके, जिसके बाद दोनों ओर से काफी देर तक पथराव चलता रहा. घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देर रात हड़कंप का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही एमजी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर सेंट्रल कोतवाली और छोटी ग्वालटोली थाना पुलिस का बल भी बुलाया. संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने हालात पर काबू पाया. रोहित बोयत परिवार ने आरोप लगाया कि विवाद की शुरुआत कल्याणे परिवार की ओर से की गई थी. फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
