छतरपुर: छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत नए चंद्रपुरा इलाके में एक पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है, जहां एक महिला द्वारा अपने परिजनों के साथ ससुराल पहुंचकर हंगामा करने का आरोप लगाया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार लक्ष्मण कुशवाहा की पत्नी रोशनी कुशवाहा की शादी 4 मार्च 2024 को हुई थी। शादी के बाद दोनों करीब 10 माह तक साथ रहे, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते 27 दिसंबर 2024 को रोशनी मायके चली गई थी और इसके बाद ससुराल नहीं लौटी।
आरोप है कि 2 जनवरी 2026 को रोशनी अपने पिता किशनलाल कुशवाहा और अन्य लोगों के साथ दो बाइकों से ससुराल पहुंची। यहां कहासुनी के बाद सास-ससुर के साथ हाथापाई हुई। इसके बाद शादी में दी गई बताई जा रही मोटरसाइकिल को दूसरी बाइक से रस्सी से बांधकर बिना चाबी ही अपने साथ ले जाया गया।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित लक्ष्मण कुशवाहा ने मंगलवार सुबह सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।सिविल लाइन थाना पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी
