डबलिन, (वार्ता) ऑर्ला प्रेंडरगस्ट (51 रन/एक विकेट), लॉरा डेलेनी (42) और रेबेका स्टोकेल (34) की शानदार प्रदर्शन के दम पर आयरलैंड की महिला टीम ने दूसरे टी-20 मुकाबले में पाकिस्तान को चार विकेट से हरा दिया है। इसी के साथ आयरलैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है।
169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 35 के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिये। एमी हंटर (छह), ली पॉल (शून्य) और कप्तान गैबी लुईस (21) रन बनाकर आउट हुई। ऐसे संकट के समय ऑर्ला प्रेंडरगस्ट और लॉरा डेलेनी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट लिए 76 रनों की साझेदारी हुई। रमीन शमीम ने ऑर्ला प्रेंडरगस्ट को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। ऑर्ला प्रेंडरगस्ट ने 34 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए 52 रनों की पारी खेली। इसके बाद फातिमा सना ने लॉरा डेलेनी को आउटकर पाकिस्तान को पांचवीं सफलता दिलाई। लॉरा डेलेनी ने 34 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 42 रन बनाये। अवा कैनिंग चार न बनाकर आउट हुई। रेबेका स्टोकेल ने 16 गेंदों में चार चौके लगाते हुए नाबाद 34 रनों की पारी खेली। आयरलैंड ने छह विकेट पर 171 रन बनाकर मुकाबला चार विकेट से जीत लिया। जेन मैगुइरे ने एक गेंद खेली और मैच का विजयी छक्का लगाया। रेबेका स्टोकेल को उनकी 34 रनों की नाबाद पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ से नवाजा गया।
पाकिस्तान की ओर से रमीन शमीम ने तीन विकेट लिये। सादिया इकबाल और फातिमा सना ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले पाकिस्तान की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 168 रनों का स्कोर खड़ा किया। शवाल ज़ुल्फिकार ने टीम के लिए सर्वाधिक (33) रन बनाये। नतालिया परवेज 17 गेंदों में (31) , मुनीबा अली 22 गेंदों में (27), ऐमन फातिमा 16 गेंदों में (23), कप्तान फातिमा सना 16 गेंदों में (23) और तुबा हसन ने नाबाद 10 रन का योगदान दिया। आयरलैंड की ओर से आर्लीन केली और कैरा मरे ने दो-दो विकेट लिये। ऑर्ला प्रेंडरगस्ट ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
