श्रमिकों के हित में प्रतिबद्ध है सरकार, ‘सुशासन तिहार’ से जमीनी हालात का होगा आकलन : साव

रायपुर, 01 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर प्रदेश के श्रमिकों को शुक्रवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
श्री साव ने कहा कि श्रमिकों की मेहनत से ही विकसित भारत की नींव मजबूत हो रही है और श्रम कानूनों में सुधार कर उनके हितों की रक्षा की जा रही है। सुशासन तिहार के आयोजन को लेकर उन्होंने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम एक मई से 10 जून तक प्रदेशभर में संचालित होगा। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर आम जनता से सीधे संवाद करेंगे और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस द्वारा मनाए जा रहे ‘बोरे-बासी दिवस’ पर टिप्पणी करते हुए उपमुख्यमंत्री ने इसे राजनीतिक दिखावा बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति में बोरे-बासी का विशेष महत्व है, जिसे प्रदेश के लोग नियमित रूप से अपनाते हैं, इसलिए इसे एक दिन तक सीमित कर प्रस्तुत करना उचित नहीं है।
कांग्रेस की बैठकों और गतिविधियों पर भी उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है और उसके अभियानों का अपेक्षित प्रभाव नहीं दिख रहा है।
प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के प्रस्तावित दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का जनता के मुद्दों से जुड़ाव कम होता जा रहा है, जिसका असर पार्टी के संगठन और कार्यकर्ताओं पर भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।

Next Post

सोनकच्छ में दबंगई: सगाई तोड़ने पर उज्जैन के दंपत्ति को सरेराह अगवा कर पीटा, जूते की माला पहनाकर वीडियो किया वायरल

Fri May 1 , 2026
देवास/सोनकच्छ: थाना क्षेत्र के ग्राम चौबारा जागीर पंचायत के ग्राम भटकुंड में गमी के कार्यक्रम में उज्जैन से आए दंपत्ति का अपहरण कर उनके साथ मारपीट की। अपहरणकर्ता दंपत्ति को सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र के एक ग्राम में ले गए जहां दंपत्ति को जूते की माला भी पहनाई जिसका वीडियो सोशल […]

You May Like