सतना :मैहर में मां शारदा की पावन नगरी एवं संगीत संम्राट पद्म विभूषण बाबा अलाउद्दीन खाँ साहब की साधना स्थली मैहर में शास्त्रीय संगीत के उभरते हुये नवोदित कलाकारों को मंच देने का कार्य जिला प्रशासन के सहयोग से मैहर म्यूजिक अटाला आर्ट सिटी के तत्वाधान में 1 जुलाई 2024 से प्रारंभ किया गया था। आयोजन समिति के निर्णय अनुसार इसकी आठवीं प्रस्तुति 1 फरवरी को ब्रज विलास पैलेस किला परिसर के दरबार हाल में सायं 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक संपन्न होगी। शास्त्रीय संगीत के इस कार्यक्रम में शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य के कलाकार अपनी प्रस्तुती दे सकेंगे। साथ में अटाला आर्ट के तहत घर की अनुपयोगी वस्तुओं से निर्मित कलाकृति की प्रदर्शनी भी ब्रज विलास पैलेस किला परिसर में लगाई जाएगी।
इस हेतु कलाकार अपने आवेदन बायोडाटा के साथ 25 जनवरी 2025 तक संगीत महाविद्यालय मैहर में प्रभारी अनिल कुमार जायसवाल सहायक व्याख्याता मोबाइल 7987274350 के पास जमा कर सकते हैं। जिन कलाकारों की प्रस्तुतियां हो चुकी हैं वह एक वर्ष के पश्चात ही आवेदन करने के पात्र होंगे। मैहर घराने को जीवंत बनाने एवं विद्या की देवी माँ शारदा की नगरी को संगीत मय बनाने हेतु शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक माह की एक तारीख को किया जा रहा है। शास्त्रीय संगीत के इस नियमित मासिक कार्यक्रम के अवसर पर नवोदित कलाकारों के उत्साह वर्धन के लिए कला प्रेमी, रसिक जन मित्रों के साथ आमंत्रित है।
