तेहरान, 25 मई (वार्ता) ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम करने वाली किसी भी प्रक्रिया को बाधित करने के प्रयासों के अलावा और इजरायल से कुछ और उम्मीद नहीं की जा सकती है। ईरान और अमेरिका के बीच संभावित समझौते में इजरायल की भूमिका पर टिप्पणी करते हुए श्री बघाई ने कहा कि अमेरिका में कुछ युद्ध समर्थक समूह, चाहे वे रिपब्लिकन हों या डेमोक्रेट, इजरायल के साथ गठजोड़ बनाए रखते हैं और यही समूह अमेरिका को दुनिया के विभिन्न हिस्सों में अंतहीन युद्धों में धकेलते हैं। श्री बघाई ने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान अपने लोगों के कल्याण के बजाय ड्रोन और मिसाइलों पर धन खर्च करता है। उन्होंने कहा कि ईरान ऐसे हथियार अपनी सुरक्षा और आक्रामक युद्धों से बचाव के लिए बनाता है। उन्होंने कहा कि हाल के महीनों में ईरान ऐसे दो युद्धों का सामना कर चुका है।
उन्होंने अमेरिकी अधिकारियों के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि वे ईरानी जनता की चिंता करते हैं। श्री बघाई ने कहा कि वाशिंगटन दशकों से ईरानी जनता के खिलाफ दबाव और प्रतिबंधों की नीति अपनाता रहा है। उन्होंने ईरान में नागरिक बुनियादी ढांचे पर अमेरिका-इजरायल के हमलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये ढांचे ईरानी जनता के प्रयासों और संसाधनों से विकसित किए गए हैं। श्री बघाई ने कहा, “इस तरह की भ्रामक बयानबाजी का उद्देश्य मुख्य मुद्दे से ध्यान हटाना और पिछले महीनों में हुए अपराधों की जवाबदेही से बचना है।” उन्होंने उन रिपोर्टों को भी खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता समाप्त करने के लिए कोई समय-सीमा तय की गयी है। श्री बघाई ने कहा कि ईरान ने कूटनीतिक प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए कोई समय-सीमा निर्धारित नहीं की है। उन्होंने कहा कि ईरान के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात अपने राष्ट्रीय हितों तथा ईरानी जनता के अधिकारों की रक्षा करना है।

