
देवास/सोनकच्छ: थाना क्षेत्र के ग्राम चौबारा जागीर पंचायत के ग्राम भटकुंड में गमी के कार्यक्रम में उज्जैन से आए दंपत्ति का अपहरण कर उनके साथ मारपीट की। अपहरणकर्ता दंपत्ति को सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र के एक ग्राम में ले गए जहां दंपत्ति को जूते की माला भी पहनाई जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।सोनकच्छ पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार, फरियादी हिम्मत सिंह पिता किशन बंजारा निवासी शंकरपुर मक्सी रोड पंवासा ने उसकी पत्नी के साथ आकर थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई कि, वह मजदूरी का कार्य करता है। गुरुवार को वह उसकी पत्नि लीलाबाई के अपनी मोटरसायकल से अपने घर से ग्राम भटकुंड थाना सोनकच्छ बयाई दिनेश बंजारा के घर गमी में आया था।
वह वापस अपने घर जा रहे थे कि दिन के करीब 1 बजे के भटकुंड के थोड़े आगे चौबाराजागीर रोड़ पर भादर बंजारा, प्रभु बंजारा, बापू सिंह बंजारा, गोरु बंजारा, मारुति इको कार लेकर खड़े थे। जिन्होंने इन्हें रोक लिया और इनके साथ मारपीट की और दोनों पति पत्नी को जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया और उनके साथ गाड़ी में बैठाकर बाबु सिंह बंजारा के घर टीबुपुरा थाना क्षेत्र सिद्दीकगंज लेकर गए। जहां इनके अन्य और भी लोग थे, इन लोगो ने गाली गलौज करते हुए मारपीट की।
किसी ने 112 पुलिस गाडी को फोन लगा दिया था। मौके पर तत्काल पुलिस आई व पीड़ितों को टीबुपुरा बाबु बंजारा के घर से छुडाकर थाना सिद्दीकगंज लेकर गए। जहां दोनों पूरी घटना बतायी तो सिद्दकीगंज थाना से पुलिस गाड़ी मे फरियादी वी उसकी पत्नी को थाना सोनकच्छ पर लाई। जहां पर टीआई अजय गुर्जर को पीड़ितों ने घटना को विस्तार से बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपहरण सहित कई धाराओं में चारों आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। हिम्मत सिंह ने बताया कि, मेरी लड़की नाबालिग है उसका रिश्ता भादर के लड़के के साथ किया था लेकिन नाबालिग होने की वजह से मैंने सगाई से इनकार कर समझौता करने की बात की थी इसी बात को लेकर भादर व उसके भाईयों ने मारपीट की व जूते चप्पल का हार भी पहनाया।
