सिंगरौली में 23 मार्च को आएगा रिजल्ट, 1 अप्रैल से बंटेंगी किताबें

सिंगरौली। जिले में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर शिक्षा विभाग ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी सूर्यभान सिंह द्वारा सभी शासकीय हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी, माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों के प्राचार्यों और प्रधानाध्यापकों को विस्तृत आदेश जारी किया गया है। आदेश में नए शैक्षणिक सत्र के संचालन, विद्यार्थियों के नामांकन, शैक्षणिक गतिविधियों तथा अन्य व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही विद्यालयों में स्काउट-गाइड, एनसीसी, एनएसएस, इको क्लब, योग, फिट इंडिया, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों के संचालन पर भी विशेष जोर दिया गया है। डीईओ ने सभी विद्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि सभी व्यवस्थाएं समय सीमा के भीतर पूरी कर नए शैक्षणिक सत्र का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए। वहीं विद्यार्थियों की पाठ्यपुस्तकों का वितरण 1 अप्रैल से किया जाएगा तथा प्रत्येक कक्षा में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कक्षा 9वीं से 12वीं तक शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य

डीईओ द्वारा जारी आदेश के अनुसार म.प्र. शासन के निर्देशानुसार नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से प्रारंभ होगा। 20 से 31 मार्च तक विद्यार्थी प्रवेश की प्रक्रिया, साथ ही 15 से 31 मार्च तक छात्रावास प्रवेश आवेदन के अलावा विद्यालयों में विद्यार्थियों के प्रवेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कक्षा 8वीं, 9वीं और 11वीं के परीक्षा परिणाम 23 मार्च को घोषित होने के बाद 24 मार्च से 31 मार्च तक विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम आने तक अस्थायी रूप से अगली कक्षा में प्रवेशित माना जाएगा। आदेश में यह भी कहा गया है कि मार्च माह में कक्षा 9वीं से 12वीं तक शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा 31 मार्च को विद्यालयों में शैक्षणिक स्टाफ की बैठक आयोजित कर समय सारणी, पाठ योजना और शिक्षक डायरी में पाठ्यक्रम विभाजन की तैयारी पूरी की जाएगी।

Next Post

महान परियोजना में बवाल के बाद पुलिस का एक्शन, वीडियो फुटेज से उपद्रवियों की पहचान 

Sun Mar 15 , 2026
सिंगरौली। माड़ा थाना क्षेत्र के महान परियोजना ने बीते दिन शनिवार को अफवाहों को लेकर हुई आगजनी, तोड़फोड़ एवं मारपीट के मामले में पुलिस अराजक तत्वों को चिन्हित करने में लगी हुई है। वहीं घटना के दूसरे दिन भी पावर प्लांट परिसर के अंदर-बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात […]

You May Like