
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में दीपावली एवं देवउठनी एकादशी के शुभ अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार के लिए एक विशेष दिन रहा। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने परंपरा से हटकर आत्मीयता का परिचय देते हुए विश्वविद्यालय परिसर में निवासरत सभी प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के घर जाकर उन्हें एवं उनके परिवारजनों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। कुलगुरु प्रो. वर्मा ने अपने हाथों से सभी को मिष्ठान खिलाया और उनके सुख-समृद्धि की कामना की। कुलगुरु को अपने बीच पाकर कर्मचारी एवं अधिकारी वर्ग अत्यंत उत्साहित दिखाई दिए। सभी ने उनका चाय एवं मिष्ठान से आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय के चहुँमुखी विकास हेतु अपने सुझाव भी कुलगुरु जी के समक्ष रखे। कई कर्मचारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी कुलगुरु ने इस प्रकार आत्मीय रूप से प्रत्येक कर्मचारी के घर जाकर शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की 69 वर्षों की यात्रा में ऐसा प्रसंग पहले कभी नहीं हुआ। जैसे-जैसे कुलगुरु प्रो. वर्मा का यह आत्मीय भ्रमण आगे बढ़ा, विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य स्वयं जुड़ते गए और देखते ही देखते यह मिलन समारोह एक ऐतिहासिक क्षण बन गया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर कर्मचारी संघ अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह पटेल, उपाध्यक्ष प्रेम पटेल, प्रवीण जायसवाल, जमना मिश्रा, डॉ. महेन्द्र श्रीवास्तव, सुधीर शुक्ला, बीरेन्द्र तिवारी सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय परिवार ने कुलगुरु प्रो. वर्मा के इस सराहनीय एवं प्रेरणादायी कदम के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
