चलती बाइक पर युवक पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में शाजापुर जिला अस्पताल में किया भर्ती

मक्सी: शाजापुर जिले के मक्सी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। मुरलीधर अस्पताल के पास चलती बाइक पर सवार एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को डायल 112 की मदद से शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।घायल की पहचान प्रकाश पिता राजाराम मालवीय निवासी जलालपुरा, थाना टोंकखुर्द जिला देवास के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी घनश्याम मालवीय, एसडीओपी अजय मिश्रा, मक्सी थाना पुलिस एवं तहसीलदार गौरव पोरवाल मौके पर पहुंचे और घायल के बयान दर्ज किए।

घायल प्रकाश ने पुलिस को बताया कि उस पर हमला उसके साडू भाई नारायण और उसके साथियों ने किया है। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। प्रकाश के अनुसार उसकी शादी 10 फरवरी 2025 को भोपाल निवासी राधा मालवीय से हुई थी। शादी से पहले उसके साडू भाई ने उससे ढाई लाख रुपये उधार लिए थे, जो अब तक वापस नहीं किए गए। पैसे मांगने पर आरोपी उसे लगातार धमका रहा था।

घायल ने 28 अप्रैल को देवास जिले की टोककला पुलिस चौकी में इस संबंध में आवेदन के तौर पर शिकायत भी दर्ज कराई थी, जिसके बाद से उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
मंगलवार को प्रकाश मक्सी किराने का सामान लेने आया था। इसी दौरान मुरलीधर अस्पताल और पाटीदार धर्मशाला के बीच तीन से चार लोगों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके शरीर पर तीन से चार जगहों पर चाकू से वार किए।मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा के अनुसार इसमें जांच बारीकी से होगी और क्योंकि मामला थोड़ा संदिग्ध लग रहा है इसीलिए एफआईआर के बाद में भी इसकी सूक्ष्मता से जांच करेंगे।

Next Post

पीएम मोदी ने काशी में लहराया त्रिशूल, 108 बटुकों के शंखनाद के बीच किया बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक; वाराणसी को दी 6,632 करोड़ की सौगात

Wed Apr 29 , 2026
वाराणसी | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन की शुरुआत की। 108 बटुकों ने शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया। ‘सर्वार्थ सिद्धि योग’ में बाबा का विधि-विधान से अभिषेक करने के बाद […]

You May Like