
लटेरी। शिव शक्ति नवदुर्गा उत्सव समिति, मकसूदानगढ़ रोड लटेरी के तत्वावधान में नगर में भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। माता को अर्पित की जाने वाली 500 मीटर लंबी चुनरी झांकी पंडाल से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग से होते हुए नगर की अधिष्ठात्री देवी खेड़ापति माता मंदिर पहुंची। दोपहर 1 बजे नंगे पैर श्रद्धालु ढोल, डीजे और भजनों की धुन पर नाचते-गाते यात्रा में शामिल हुए। शाम 4 बजे चुनरी मंदिर पर चढ़ाई गई।
इस अवसर पर समाजसेवी नीरज अग्रवाल व समिति द्वारा माता बहनों को श्रृंगार वितरित किया गया। अग्रवाल ने कहा कि नवरात्रि के नौ दिन श्रद्धा, आस्था और भक्ति के प्रतीक हैं और समिति आगे भी ऐसे धार्मिक आयोजन करती रहेगी।
