वाराणसी | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन की शुरुआत की। 108 बटुकों ने शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया। ‘सर्वार्थ सिद्धि योग’ में बाबा का विधि-विधान से अभिषेक करने के बाद जब पीएम मंदिर से बाहर आए, तो उन्होंने त्रिशूल लहराकर महादेव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और उपस्थित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया। इससे पहले पीएम ने 14 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला, जिसमें काशी की जनता ने उन पर जमकर पुष्पवर्षा की और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरी नगरी गुंजायमान हो गई।
वाराणसी के सांसद और प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरे पर काशीवासियों को 6,632 करोड़ रुपए की 163 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी है। इनमें 1,054 करोड़ की 50 योजनाओं का लोकार्पण और 5,277 करोड़ की 113 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्य परियोजनाओं में मालवीय पुल के पास बनने वाला नया रेल-रोड ब्रिज, कबीरचौरा में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल और गंगा के प्राचीन घाटों का जीर्णोद्धार शामिल है। पीएम ने कहा कि इन विकास कार्यों से न केवल काशी की कनेक्टिविटी सुधरेगी, बल्कि पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं में भी क्रांतिकारी बदलाव आएगा।
प्रधानमंत्री ने दशाश्वमेध घाट से श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के मध्य स्थित घाटों के सौंदर्यीकरण और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष प्रोजेक्ट की नींव रखी। इसके साथ ही, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में रोबोटिक शल्य चिकित्सा प्रणाली और सारनाथ में सोवा रिग्पा मेडिकल कॉलेज का भी शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री ने बरेका परिसर में महिला सम्मेलन को भी संबोधित किया, जहां भारी संख्या में मौजूद महिलाओं ने उनका स्वागत किया। वाराणसी एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम की अगवानी की। यह दौरा काशी के आधुनिक स्वरूप और आध्यात्मिक विरासत के संगम का प्रतीक बना।

