
सिंगरौली, सिंगरौली जिले के माड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रौदी में सड़क पार कर रहे 68 वर्षीय मंधारी शाह को तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मंधारी शाह की उपचार के दौरान मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मंधारी शाह घर से शौच के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान चितरवई कला की ओर से माड़ा की तरफ जा रहे बाइक सवार बाल्मिक सिंह गोड़ ने कथित तौर पर अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मंधारी शाह को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, बाइक सवार के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आ रही है। माड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
