
रीवा, प्रभारी निगम आयुक्त प्रकाश द्विवेदी ने बुधवार को निगम सभागार में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा की. लंबित शिकायतों को लेकर नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई. बैठक में प्रभारी निगम आयुक्त ने 100 दिवस से अधिक समय से लंबित सभी शिकायतों की पृथक-पृथक समीक्षा की और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जो शिकायतें निराधार हैं, उनमें तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर उन्हें बंद कराया जाए. साथ ही जिन शिकायतों का निराकरण हो चुका है, उनका भी प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए. राजस्व विभाग और निगम दोनों से जुड़ी शिकायतों की जानकारी लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को राजस्व विभाग से समन्वय बनाकर उनका संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए. श्री द्विवेदी ने कहा कि समस्याएं जनता से जुड़ी होती हैं इस लिये गंभीरता से लें. किसी तरह की लापरवाही न करें. बैठक के दौरान कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह, सहायक यंत्री राजेश मिश्रा, रमेश सिंह, कमलेश्वर सिंह, अभिनव चतुर्वेदी, स्वास्थ्य अधिकारी दीपक सिंह तोमर, सिटी मिशन मैनेजर अभिमन्यु सिंह उपस्थित रहे.
