मारुति सुज़ुकी की पांच स्टार्टअप के साथ सहयोग की घोषणा

नयी दिल्ली, 29 जून (वार्ता) देश की सबसे बड़ी यात्री वाहन कंपनी मारुति सुज़ुकी इंडिया ने परिचालन दक्षता बढ़ाने और ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और अन्य क्षेत्रों में समाधान विकसित करने के लिए पांच स्टार्टअप कंपनियों के साथ सहयोग की घोषणा की है। कंपनी ने सोमवार को बताया कि ये पांच स्टार्टअप कंपनियां मिनीमाइंस, ईजवर्क एआई, सर्वम् एआई, सिफ्टली और कोडमेट एआई हैं। ये सभी मारुति सुज़ुकी इनक्यूबेशन प्रोग्राम के पांचवें बैच के विजेता हैं। इस कार्यक्रम का आयोजन आईआईएम बेंगलुरु के उद्यमिता एवं स्टार्टअप सहायता केंद्र के सहयोग से किया जाता है। मारुति सुज़ुकी इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिसाशी ताकेउची ने कहा, “मारुति सुज़ुकी में हम वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों का समाधान करने के लिए स्टार्टअप के साथ मिलकर नवाचारी और व्यावहारिक समाधान विकसित करने पर लगातार काम कर रहे हैं। हमें पांच और स्टार्टअप के साथ सहयोग करने की खुशी है।

मिनीमाइंस हमारे साथ मिलकर बैटरियों का सुरक्षित पुनर्चक्रण करेगा, जबकि अन्य चार स्टार्टअप ग्राहक सहभागिता को बेहतर बनाने और हमारे व्यावसायिक संचालन में दक्षता बढ़ाने में मदद करेंगे।”
मिनीमाइंस बैटरियों के पर्यावरण अनुकूल पुनर्चक्रण और उनसे मूल्यवान धातुओं को निकालने के लिए समाधान तैयार करेगी। ईजवर्क एआई एजेंटिक एआई का उपयोग करके उपभोग्य सामग्रियों की अप्रत्यक्ष खरीद प्रक्रिया का आद्यांत वर्कफ़्लो ऑटोमेशन तैयार करेगी। सर्वम एआई सभी ग्राहक संपर्क बिंदुओं पर बेहतर संवाद के लिए बहुभाषी जनरेटिव एआई एजेंट की सेवा मुहैया करेगा। सिफ्टली के पास जनरेटिव एआई की मदद से ब्रांड को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेवारी होगी। कोडमेट एआई व्यावसायिक प्रक्रियाओं में उपयोग होने वाले सॉफ़्टवेयर एप्लिकेशन के तेज विकास के लिए एआई का उपयोग कर समाधान तैयार करेगी।

.....

Next Post

नेता प्रतिपक्ष के पदभार ग्रहण से पहले कांग्रेस को झटका, पार्षद के भाई गिरफ्तार

Mon Jun 29 , 2026
इंदौर। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के पदभार ग्रहण समारोह से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है. पंढरीनाथ पुलिस ने कांग्रेस पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट के भाई बादशाह मिमरोट को रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी ऐसे समय हुई, जब वह अपनी बहन के […]

You May Like