बीजापुर, 17 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिलें में नक्सलों के उन्मूलन को लेकर शुरु की गयी कर्रेगुट्टा ऑपरेशन के स्थगित होते ही तेलंगाना के मुलुगु जिले में पुलिस ने माओवादी गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों वाजेडु, वेंकटापुरम और कन्नईगुड़म से पुलिस ने कुल 20 माओवादियों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों में एक डिवीजनल कमेटी सदस्य (डीवीसी), पांच एरिया कमेटी मेंबर (एसीएम) और 14 पार्टी मेंबर शामिल हैं।
विस्फोटक सामाग्री और नगदी बारमद: गिरफ्तार माओवादियों के पास से तीन इंसास राइफल, चार एसएलआर राइफल, एक 303 राइफल, बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नगदी भी बरामद की गई है।
पुलिस का यह अभियान जिले में माओवादी नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
इस बीच आठ माओवादियों ने किया समर्पण: इस बीच, मुलुगु जिले में माओवादियों के आत्मसमर्पण का सिलसिला भी जारी है। जिले के पुलिस अधीक्षक के समक्ष एक डीवीसीएम, छह प्लाटून सदस्य और एक जनमिलिशिया सदस्य ने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत मदद दी जाएगी।
