
सलामतपुर। शुक्रवार को सलामतपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया। भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर रेलवे ओवरब्रिज के पास 26 वर्षीय युवक ने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सुबह करीब 9 बजे राहगीरों ने सड़क किनारे खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान विदिशा निवासी जितेंद्र साहू पिता लखन साहू (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई।
मौके पर मोटरसाइकिल, बंदूक और दस्तावेज मिले। एफएसएल टीम ने जांच की तो पता चला कि युवक ने बंदूक दोनों पैरों में फंसाकर सीने पर रखकर गोली चलाई। बंदूक में दो कारतूस लोड थे जबकि छह अतिरिक्त कारतूस बैग में रखे मिले। परिजनों के अनुसार, जितेंद्र बेरोजगार था और नौकरी की तलाश में भोपाल जा रहा था। वह परिवार का इकलौता बेटा था।
थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए विदिशा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
