मुंबई, 11 अक्टूबर (वार्ता) महाराष्ट्र में नवनिर्मित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (एनएमआईए) मार्ग पर शनिवार को यहां उल्वे-पनवेल सर्विस रोड पर तीन वाहन आपस में टकरा गये।
यह घटना शुक्रवार शाम को घटी और तीन वाहनों की भिडंत होने पर वाहन चालकों एवं स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी मच गयी। अधिकारियों ने पुष्टि करते हुए बताया कि गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है गनीमत रही की इस दुर्घटना में कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है।
प्रारंभिक सूचना में बताया कि एक तेज रफ्तार कार पनवेल शहर से हवाई अड्डे की ओर आ रही थी जो गलत दिशा से आ रही टेम्पो में भिड़ गयी। थोड़ी देर बाद पीछे से आ रही एक दूसरी कार ने दुर्घटना स्थल पर फंसी पहली कार को टक्कर मार दी। तीनों वाहनाें की आपस में टकर में टेम्पो वाहन पलट गया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जाँच में दुर्घटना का मुख्य कारण तेज गति और लापरवाही बताई जा रही है। यह नवनिर्मित एनएमआईए सड़क पर पहली दुर्घटना है, इसलिए क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और गति प्रबंधन को लेकर चिंताएं पैदा हो गयी हैं।
