वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च में कांग्रेस ने उठाई लोकतंत्र की आवाज

भोपाल। दिल्ली में निर्वाचन आयोग से जवाब मांगने के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया गठबंधन के सांसदों को रोके जाने एवं हिरासत में लिए जाने के विरोध में भोपाल शहर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया।

मार्च की शुरुआत व्यापमं चौराहे से हुई और यह बोर्ड ऑफिस चौराहे स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर भी सवाल उठाए।

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दिल्ली में हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस पूरे प्रदेश में ‘काला दिवस’ मना रही है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाए जा रहे हैं, ऐसे में कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।

पटवारी ने निर्वाचन आयोग और सरकार से मतदाता सूचियों तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए है।

प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पी.सी. शर्मा, मुकेश नायक, आरिफ मसूद, आतिफ अकील सहित वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

Next Post

भाजपा को अपनी जीत पर भरोसा है तो बिना EVM के चुनाव कराकर दिखाए: उमंग सिंघार

Thu Oct 8 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मतदाता सूचियों की तैयारी और पुनरीक्षण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता की मांग करते हुए भाजपा पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने से संबंधित पूरी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। भोपाल […]

You May Like